Sahebganj News: दिव्यांगों-वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिविर, 21 लाभार्थियों को मिलेंगे सहायक उपकरण

साहिबगंज: समाज के जरूरतमंद, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन देने के उद्देश्य से नगर परिषद, साहिबगंज परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। असिस्टेंस टू डिसेबल्ड पर्सन्स योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत लगे इस पंजीकरण एवं लाभार्थी चयन शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में विशेषज्ञों और अधिकारियों ने लाभार्थियों की शारीरिक जरूरतों का आकलन किया।
मूल्यांकन के बाद कुल 21 लाभार्थियों का चयन हुआ। इनमें 18 दिव्यांगजन और 60 वर्ष से अधिक उम्र के 03 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। चयनित लाभार्थियों को जरूरत के मुताबिक आधुनिक सहायक उपकरण दिए जाएंगे। शिविर में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, स्मार्ट केन, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, एल्बो क्रच, एक्सिला क्रच, नी-ब्रेस, एल.एस. ब्रेस, कमोड चेयर और वॉकिंग स्टिक जैसे उपकरणों के लिए लाभार्थियों का चयन किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि ये उपकरण दिव्यांगों और बुजुर्गों की गतिशीलता बढ़ाएंगे। इससे दूसरों पर निर्भरता कम होगी और जीवन की गुणवत्ता सुधरेगी। लाभार्थी दैनिक काम आसानी से कर पाएंगे और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में भी सक्रिय हो सकेंगे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र दिव्यांग या वरिष्ठ नागरिक उपकरणों के अभाव में परेशान न हो। केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का मकसद कमजोर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविर सामाजिक समावेशन और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल हैं। इनसे दिव्यांगों और बुजुर्गों को आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्रता के साथ जीने का मौका मिलता है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। लोगों से भी आग्रह किया गया कि अपने आसपास के जरूरतमंदों को योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ से जोड़ें।


