Sahebganj News: सेवानिवृत्त चौकीदारों को नहीं मिला लाभ, पेंशनर्स कल्याण समाज ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: झारखंड पेंशनर्स कल्याण समाज जिला शाखा साहिबगंज के प्रतिनिधिमंडल ने भरत यादव के नेतृत्व में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे से मुलाकात कर सेवानिवृत्त चौकीदारों को सेवानिवृत्ति लाभ का भुगतान करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि राजमहल अंचल के सेवानिवृत्त पांच चौकीदार राजकुमार तिवारी, भद्दू मंडल, गौर पासवान, वासुदेव तांती एवं रतन बागती को अंचल अधिकारी राजमहल को आवेदन देने के बावजूद अब तक किसी भी तरह का सेवानिवृत्ति लाभ नहीं मिला है।
भुगतान नहीं होने से सेवानिवृत्त चौकीदारों को घोर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी सेवानिवृत्त चौकीदारों को जल्द से जल्द सभी प्रकार का भुगतान कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा झारखंड राज्य चौकीदार/दफादार कर्मचारी संघ के जिला मंत्री परमेश्वर तुरी एवं नित्यानंद रजक ने अन्य चौकीदारों के साथ उपायुक्त को अलग से ज्ञापन सौंपा। इसमें चौकीदार/दफादारों को लंबी अवधि से एसीपी/एमएसीपी का लाभ नहीं मिलने का मामला उठाया गया।
संघ ने बताया कि गृह विभाग के पत्र संख्या 3029, दिनांक 26 अगस्त 2006 के आलोक में चौकीदार/दफादारों को 01 जनवरी 1990 से चतुर्थ वर्गीय कर्मी घोषित किया गया है। इसके तहत वे एसीपी-एमएसीपी के हकदार हैं। इसके बावजूद साहिबगंज जिले के किसी भी अंचल में चौकीदारों को यह लाभ नहीं दिया जा रहा है, जो बेहद दुखद है। प्रतिनिधिमंडल में भरत यादव के अलावा मथियस बेसरा, परमेश्वर तुरी, राजकुमार तिवारी, भदू मंडल, गौर पासवान आदि शामिल थे।


