Dumka News: विकास योजनाओं को गति देने के लिए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने की बड़ी समीक्षा बैठक

दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने समाहारणालय में नीति आयोग और आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत जारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल आंगनबाड़ी, स्मार्ट क्लास और बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं को जल्द पूरा कर संबंधित विभागों को हैंडओवर करने का कड़ा निर्देश दिया।

दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को गति देने एवं नीति आयोग द्वारा निर्धारित मानकों की उपलब्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि सहित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित सूचकांकों एवं लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक तेजी लाते हुए लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी अनुश्रवण के माध्यम से योजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने का निर्देश दिया।

बैठक में नीति आयोग से प्राप्त राशि से संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें डिजिटल आंगनबाड़ी केंद्र, स्मार्ट क्लास, विद्यालयों की बाउंड्री वॉल, शौचालय निर्माण तथा बम्बू मेकिंग शेड सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। समीक्षा के दौरान कई योजनाएं पूर्णता के अंतिम चरण में पाई गईं। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि ऐसे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए, ताकि उन्हें जल्द से जल्द क्रियाशील बनाकर आमजनों को लाभान्वित किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम एवं नीति आयोग से संबंधित योजनाएं जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए विकास के मानकों में सुधार सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, सहायक समाहर्ता अवनिश सिंह, जिला योजना पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More