सोशल मीडिया से 600 रुपये में खरीदा कट्टा, रौब झाड़ने निकला युवक गिरफ्तार; पुलिस ने खोला बड़ा राज

पलामू: पलामू जिले की हरिहरगंज थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान हरिहरगंज के सरसोत निवासी अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पलामू पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरस्वती इलाके में एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है या दहशत फैला रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया।
छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध हथियार तस्करों के संपर्क में आया था।
पूछताछ में यह बात सामने आई कि आजकल हथियार तस्कर सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय हैं और आरोपी ने महज 600-600 रुपये की कीमत पर ये देसी कट्टे खरीदे थे। युवक ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि उसने यह हथियार इलाके में अपना रौब और धौंस जमाने के लिए खरीदे थे।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अभय ने हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह और तस्करों के नेटवर्क के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। इन सुरागों के आधार पर पलामू पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, ताकि सोशल मीडिया के जरिए संचालित इस अवैध हथियार नेटवर्क का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।
इस सफल छापेमारी अभियान में हरिहरगंज और पथरा पुलिस की अहम भूमिका रही। टीम में सब इंस्पेक्टर सौरभ कुमार, पथरा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


