Bokaro News: अनीता देवी हत्याकांड में न्याय की मांग, आजसू-भाजपा नेताओं ने एसपी से की मुलाकात

बेरमो के पांच नंबर धौड़ा की चार माह की गर्भवती दलित महिला अनीता देवी की मौत के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक लम्बोदर महतो, पूर्व विधायक बिरंची नारायण तथा भाजपा-आजसू नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार के साथ बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना से मुलाकात की।

बोकारो: बोकारो जिला के बेरमो स्थित पांच नंबर धौड़ा की चार माह की गर्भवती दलित महिला अनीता देवी हत्याकांड को लेकर  गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक लम्बोदर  महतो, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, भाजपा जिला अध्यक्ष  डॉक्टर सुरेंद्र राज तथा आजसू जिला अध्यक्ष सचिन महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतका के पति महेश भुईयां और उनके बच्चों के साथ बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की जानकारी देते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

इस दौरान महेश भुईयां ने एसपी को पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पत्नी अनीता देवी जलावन के लिए कोयला चुनने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान कोयला माफिया संतोष साव के गुंडों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। महेश ने कहा कि घटनास्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नशे की हालत में मौजूद रहते हैं और महिलाओं के साथ मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के बाद उन पर शव का जल्द अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाया गया तथा मामले को दबाने की कोशिश की गई।सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने बताया कि एसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और प्रशासन ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

आजसू जिला अध्यक्ष सचिन महतो ने कहा कि जिले में अवैध कोयला कारोबार के कारण लगातार अपराध और हत्याएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई अपेक्षित नहीं है। उन्होंने मांग की कि अनीता देवी हत्याकांड के मुख्य आरोपी और इसमें शामिल सभी लोगों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिया जाए।भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज ने कहा कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के उद्देश्य से एसपी से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर मुख्य आरोपी सहित सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More