गिरिडीह: मामूली खरोंच पर 108 एंबुलेंस को बनाया बंधक! 20 मिनट तक सड़क पर रुकी रही आपातकालीन सेवा

गिरिडीह: जिले के तीसरी मुख्यालय स्थित मुख्य चौक पर मंगलवार की सुबह मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। एक मामूली सड़क हादसे के बाद कार सवार लोगों ने 108 नंबर की आपातकालीन एंबुलेंस को सड़क पर ही रोक दिया और करीब 20 मिनट तक जमकर हंगामा किया। इस दौरान एंबुलेंस में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों को भारी मानसिक एवं शारीरिक पीड़ा से गुजरना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, गावां थाना क्षेत्र के नगमा से कुछ लोग एक डिलीवरी पेशेंट को लाने मिर्जागंज स्थित सूर्य मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान तीसरी चौक के पास विपरीत दिशा से आ रही झारखंड सरकार की 108 एंबुलेंस से उक्त कार की हल्की टक्कर हो गई, जिससे कार पर केवल मामूली खरोंच आई।
इतने छोटे से विवाद को लेकर कार मालिक और उसमें सवार लोग आगबबूला हो गए तथा उन्होंने बीच सड़क पर एंबुलेंस का रास्ता रोक दिया।
घटनास्थल पर काफी देर तक शोर-शराबा होता रहा, जिससे सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही तीसरी पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने भी कार सवार लोगों को यह समझाने की भरपूर कोशिश की कि यह एक आपातकालीन सेवा है और इसे रोकना कानूनन गलत है, लेकिन कार चालक और उनके साथी अपनी जिद पर अड़े रहे तथा अपनी गलती मानने को तैयार नहीं थे।
काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस प्रशासन ने सूझबूझ से काम लेते हुए एंबुलेंस का नंबर नोट किया और कार सवारों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच की जाएगी। पुलिस के सख्त निर्देश के बाद एंबुलेंस को करीब 20 मिनट की देरी के बाद वहां से जाने दिया गया।
इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। बुद्धिजीवियों का कहना है कि किसी भी आपातकालीन वाहन को रोकना न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि अनैतिक भी है। यदि एंबुलेंस में मौजूद किसी मरीज को देरी के कारण नुकसान होता, तो इसका जिम्मेदार कौन होता?


