कतरास गोलीकांड का खुलासा: तीन अपराधी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और स्कॉर्पियो बरामद

धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद 4 नंबर में बीते 27 मई की रात हुई गोलीबारी और मारपीट मामले में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अजीत कुमार विमल ने शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) धनबाद के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखे और घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो (JH10CK-0025) बरामद की है।
पुरानी रंजिश बनी गोलीबारी की वजह
पुलिस के अनुसार, छाताबाद निवासी अमित यादव और विकास बजरंगी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के कारण 27 मई की रात दोनों गुटों के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से 3 से 4 राउंड हवाई फायरिंग की गई।
गोलीबारी के दौरान अपने घर की छत से नीचे झांक रहे तौशिफ अंसारी के कंधे में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। वहीं, मारपीट में शामिल नीतिश यादव के पैर में भी गोली लगी। दोनों का इलाज कराया गया।
20 नामजद और 10 अज्ञात पर केस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कतरास थाना कांड संख्या-152/26 दर्ज किया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत 20 नामजद तथा 8-10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया है।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार यादव की निशानदेही पर पुलिस ने छुपाकर रखी गई देशी पिस्टल और कारतूस बरामद किए। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- आनंद कुमार यादव (28 वर्ष), निवासी- छाताबाद 04 नंबर, कतरास
- विवेक कुमार ठाकुर (25 वर्ष), निवासी- भगत सिंह चौक, तेलियाबांध, कतरास
- करण कुमार दास (32 वर्ष), निवासी- छाताबाद 05 नंबर, कतरास
बरामद सामान
- एक देशी पिस्टल
- दो जिंदा कारतूस
- दो खोखे
- एक काले रंग की स्कॉर्पियो (JH10CK-0025)
डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


