Dhanbad News: साधु बनकर घर में घुसे, मंत्र-तंत्र के नाम पर उड़ाए जेवर; ग्रामीणों ने दबोचे 3 ठग

धनबाद: मैथन थाना क्षेत्र में साधु के वेश में महिलाओं को झांसा देकर ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पकड़े गए तीनों आरोपी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मैथन पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक साधु का वेश धारण कर एक महिला के घर पहुंचे। उन्होंने पहले पानी पीने के बहाने घर में प्रवेश किया और फिर धार्मिक बातें, पूजा-पाठ तथा टोने-टोटके का सहारा लेकर महिला को अपने झांसे में ले लिया। आरोपियों ने महिला से कहा कि घर के जेवरात को मंत्र पढ़कर शुद्ध करने से परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी और किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
महिला उनकी बातों में आ गई और घर से जेवरात निकालकर ले आई। इसके बाद आरोपियों ने कपड़े में जेवर बांधने का नाटक करते हुए महिला को साड़ी में गांठ बांधकर थमा दिया। कुछ देर बाद महिला को संदेह हुआ। गांठ खोलने पर जेवर गायब मिले। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने गैलेक्सी के समीप ऑटो से भाग रहे तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मैथन पुलिस तीनों को थाना ले गई। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और क्षेत्र में अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।


