Koderma News: राष्ट्रीय उर्दू सेमिनार का भव्य आयोजन, “समकालीन समस्याएं और संभावनाएं” विषय पर जुटे देशभर के शिक्षाविद
-1024x614.jpeg)
कोडरमा: अंजुमन तरक्की उर्दू हिंद, कोडरमा के तत्वावधान में रांची-पटना रोड स्थित विवाह भवन में रविवार को एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “उर्दू : समकालीन समस्याएं और संभावनाएं” रहा, जिसमें उर्दू भाषा की वर्तमान चुनौतियों, शिक्षा, रोजगार और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी, पटना के प्रो. डॉ. सफदर इमाम कादरी ने की, जबकि मंच संचालन मास्टर सज्जाद हुसैन ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. मोहम्मद सिराज मिस्बाही के स्वागत भाषण से हुई। अंजुमन तरक्की उर्दू कोडरमा के अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद अहमद जमी मिस्बाही ने सेमिनार के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में प्रो. डॉ. सफदर इमाम कादरी ने कहा कि झारखंड गठन के बाद अब तक उर्दू शिक्षकों और उर्दू अनुवादकों की बहाली नहीं होना बेहद अफसोसनाक है। उन्होंने कहा कि न थानों, न ब्लॉक और न ही जिला मुख्यालयों में उर्दू अनुवादकों की नियुक्ति हुई है। उन्होंने राज्य सरकार से भाषाई शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए झारखंड में एक लैंग्वेज यूनिवर्सिटी स्थापित करने की मांग की।
डॉ. फुजैल अहमद ने कहा कि उर्दू कंटेंट की कमी युवाओं को भाषा से दूर कर रही है। वहीं डॉ. अफशां बानो ने उर्दू को आधुनिक शिक्षा और डिजिटल दुनिया से जोड़ने की जरूरत बताई। वहीं डॉ. अफशां बानो ने कहा कि उर्दू को मुशायरों तक सीमित रखने के बजाय विज्ञान, तकनीक, पत्रकारिता और डिजिटल दुनिया से जोड़ने की जरूरत है। डॉ. मोहम्मद मुर्शीद ने भाषा को समय के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया, जबकि डॉ. मोहम्मद जकीउल्लाह मिस्बाही ने कहा कि भाषाएं जज्बों और लोगों के जुड़ाव से जिंदा रहती हैं।
राष्ट्रीय जन क्रांति मोर्चा के सुप्रीमो मौलाना अब्दुल मोबीन रिजवी ने कहा कि उर्दू भारत की गंगा-जमुनी तहजीब और साझा संस्कृति की पहचान है। डॉ. साजिद हुसैन नदवी ने उर्दू शिक्षा की स्थिति पर चिंता जताई, जबकि मौलाना नूरुद्दीन अजहरी ने घरों और सोशल मीडिया के माध्यम से उर्दू को बढ़ावा देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उर्दू विषय में बेहतर अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने नई पीढ़ी को उर्दू भाषा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
सेमिनार में बतौर शोध पत्र लेखक और वक्ता मास्टर मोहम्मद परवेज मुशर्रफ, शिक्षिका शमसुन निशा, मास्टर मोहम्मद जावेद, शिक्षिका रुखसाना खातून, मास्टर अताउल मुस्तफा, मास्टर मोहम्मद उमर फारूक, मोहम्मद मुबारक, नौशाद आलम,मास्टर अब्दुल सत्तार और मास्टर वसी अहमद खान ने भी अपने विचार साझा किए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सेमिनार में उर्दू भाषा के संरक्षण, आधुनिक समय के अनुरूप उसके विकास और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।


