Giridih News: त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सरिया अनुमंडल सभागार में शांति समिति की महाबैठक संपन्न

गिरिडीह: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, गरिमामय और आपसी सौहार्द के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सरिया अनुमंडल सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संतोष गुप्ता ने की। इस उच्चस्तरीय बैठक में सरिया, बगोदर और बिरनी तीनों प्रखंडों के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्ध वर्ग और सभी संबंधित सरकारी पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा हमारी सबसे बड़ी ताकत है। प्रशासन हर परिस्थिति पर नजर रखे हुए है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रखंडों के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।
वहीं, बैठक में मौजूद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) धनंजय राम ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका पेश करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। इस प्रशासनिक सह नागरिक बैठक में क्षेत्र के कई आला अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं: सरिया पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार, सरिया अंचलाधिकारी (सीओ) संतोष कुमार, बगोदर-सरिया-बिरनी के थाना प्रभारी, भोला मंडल,रामदेव यादव, रफीक अंसारी, सरवर खान, रामपति प्रसाद, अशोक मंडल, नारायण पांडे, बदरुद्दीन अंसारी समेत भारी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि और प्रबुद्ध लोग।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बगोदर, सरिया और बिरनी इलाके में सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएंगे।


