Giridih News: धोवारी जंगल में मिला मादा हाथी का शव, पलाश की जड़ों में फंसा था सिर
-1024x614.jpeg)
गिरिडीह: सरिया थाना क्षेत्र के धोवारी जंगल में गुरुवार को एक जंगली मादा हाथी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हाथी के शव को देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
वन विभाग और पशु चिकित्सा टीम ने जब घटनास्थल का मुआयना किया, तो प्रथम दृष्टया (Prima Facie) यह पाया कि जिस जगह पर हाथी की मौत हुई है, उसके दोनों ओर गहरी खाई जैसी स्थिति है। हाथी का सूंड और सिर जंगल में पलाश के पेड़ों की जड़ों के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि गहरी खाई और पलाश की जड़ों के बीच उलझने के कारण दम घुटने या बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने से मादा हाथी की मौत हुई होगी।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटनास्थल के ठीक बगल से पावापुर-धोवारी सड़क गुजरती है। गुरुवार को जब लोग वहां से गुजर रहे थे, तो उन्हें जंगल की ओर से भारी दुर्गंध आई। जब कुछ ग्रामीण जंगल के भीतर गए, तो वहां हाथी का शव सड़ रहा था। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई।
घटनास्थल पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि हाथी की स्थिति देखकर लगता है कि उसकी मौत करीब 4-5 दिन पहले ही हो चुकी थी।
इस पूरी घटना को लेकर, जहां एक तरफ ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं वन विभाग के अधिकारी फिलहाल कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहे हैं। मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे जाने पर अधिकारियों ने प्रेस को कोई भी आधिकारिक बयान देने से साफ इनकार कर दिया। फिलहाल विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहा है।


