Sahibganj News: शारदीय नवरात्र को लेकर मिर्जाचौकी पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर पूजा समितियों को दिए निर्देश
साहिबगंज: शारदीय नवरात्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मिर्जाचौकी पुलिस अलर्ट हो गई है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों, प्रतिमा स्थापना स्थलों, मुख्य चौराहों और संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नवरात्र के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
थाना प्रभारी ने पूजा आयोजकों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने तथा प्रवेश और निकास के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाकर किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सकता है। पर्व के दौरान पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


