HOROR: पत्नी का सिर धड़ से अलग कर गांव में घूमता रहा शख्स, खौफनाक वारदात से कांपा गांव

क्राइम डेस्क: पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार शाम को कोरबा जिले के राजगामर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुंदेली गांव में हुई। आरोपी की पहचान सालिक राम यादव के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय पोल्ट्री फार्म में चौकीदार के रूप में काम करता था।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपी उस समय शराब के नशे में था और झगड़े के बाद उसने मांस काटने वाले धारदार हथियार से अपनी 50 वर्षीय पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी को गांव में एक हाथ में कटा हुआ सिर और दूसरे हाथ में हथियार लेकर घूमते हुए देखा गया। बाद में उसने सिर और हथियार को एक प्लास्टिक के बोरे में रखा और शरीर को घटनास्थल पर छोड़कर खुद ही पुलिस चौकी पहुंच गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी अक्सर उसके चरित्र पर शक करती थी और इसी वजह से दोनों के बीच बार-बार झगड़े होते थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार को भी जब्त कर लिया गया है। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, दंपति पिछले तीन साल से उसी पोल्ट्री फार्म में काम कर रहे थे और उनके चार बच्चे हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।




