Dhanbad News: पेयजलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक

पेयजलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेते धनबाद नगर आयुक्त: निगम सभागार का दृश्य।

धनबाद: नगर निगम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हेतु नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आज बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, JUIDCO एवं L&T के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नगर आयुक्त ने नागरिकों की पेयजल संबंधी समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निराकरण तथा लंबित योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया।

मनोहरटांड़ में पेयजलापूर्ति की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर DWSD-1 और JUIDCO को समन्वय के साथ तकनीकी समाधान तलाशने का निर्देश दिया गया। क्षेत्र में पृथक जलापूर्ति कनेक्शन की संभावना पर भी विचार किया गया। डिगवाडीह 12 नंबर में जलापूर्ति की समस्या को प्राथमिकता से दूर करने तथा वार्ड संख्या 6 के श्यामडीह में पृथक पाइपलाइन की व्यवहार्यता का अध्ययन करने को कहा गया। साथ हीं वार्ड संख्या 19 के गद्दी मोहल्ला में जलापूर्ति के लिए आवश्यक डक्ट का प्रावधान करने और वार्ड संख्या 29 के भूदा में नई जलमीनार के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की कार्रवाई भी समीक्षा में शामिल रही। बैठक के अन्य प्रमुख बिंदु में वार्ड 23 की जलापूर्ति समस्या पर व्यापक विमर्ष किया गया और नगर आयुक्त ने इसके लंबित होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

जलान नगर में जलमीनार के क्रियाशील होने के बाद अब अधिकाधिक घरों को जलापूर्ति नेटवर्क से जोड़ने पर जोर दिया गया। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार इसके लिए होल्डिंग संबंधी कार्यों एवं नए जलापूर्ति कनेक्शन हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने L&T को जलमीनार की टंकी में ग्राउटिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया। आगामी त्योहारों के दौरान जलापूर्ति बाधित न हो, इसके लिए मुख्य पाइपलाइन में लीकेज की नियमित निगरानी और शिकायत मिलते ही मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। कार्यपालक अभियंता DWSD एवं O&M एजेंसी को इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

बैठक में लंबित जलमीनार निर्माण एवं पुरानी योजनाओं के उपयोग की स्थिति भी सामने आई। DMFT के अंतर्गत स्वीकृत छः जलमीनारों में से दो का कार्य शुरू हुआ है, जबकि शेष चार अब तक लंबित हैं। कार्यपालक अभियंता, DWSD को बाधाओं का निराकरण कर शेष कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। निगम क्षेत्र के कतरास में लिलोरी जलमीनार को चालू करने के लिए JUIDCO तकनीकी अवरोधों की पहचान कर आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा।

वहीं, Steel Gate, Raja Talab, Manjhladih और Bhelatand सहित विभिन्न क्षेत्रों में JNNURM के अंतर्गत विकसित जलापूर्ति व्यवस्था को वर्तमान नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं पर DWSD, JUIDCO और L&T संयुक्त रूप से काम करेंगे। L&T ने मैथन के नए Intake Well के सर्वेक्षण का कार्य पूरा होने की जानकारी देते हुए आगामी एक माह के भीतर आवश्यक संसाधन तैनात करने की बात कही। राजपुरा सहित कुछ परियोजना क्षेत्रों में स्थानीय अवरोधों के कारण काम प्रभावित होने की जानकारी पर नगर आयुक्त ने आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में DWSD को विभिन्न जलशोधन संयंत्रों से संबंधित नेटवर्क के अंतर्गत अलग-अलग जलमीनारों से की जा रही स्वच्छ जलापूर्ति का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को भी कहा गया, ताकि आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ नागरिकों तक वास्तविक जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करें। लंबित कार्यों, स्थानीय समस्याओं और तकनीकी बाधाओं का समाधान आपसी समन्वय से समयबद्ध रूप में किया जाए।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को नियमित एवं सुचारु पेयजलापूर्ति उपलब्ध कराने तथा क्षेत्रवार समस्याओं के त्वरित निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More