Sahebganj News: राजमहल में जिला शिक्षा अधीक्षक ने मध्य विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

साहिबगंज: जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा ने मध्य विद्यालय कन्हैया स्थान, राजमहल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और मध्याह्न भोजन योजना का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने क्लास रूम में जाकर बच्चों के सीखने के स्तर को परखा और शिक्षकों से पढ़ाई की गुणवत्ता पर चर्चा की।
डीएसई ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, रसोई घर की साफ-सफाई और बच्चों को परोसे जा रहे भोजन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाध्यापक और शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार किया जाए, विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

