महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष का विरोध, नारी सशक्तिकरण पर चोट : धनंजय पुटूस

रामगढ़ में भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्ष के विरोध को नारी सशक्तिकरण के मार्ग में गंभीर बाधा बताया।

रामगढ़: भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्ष के विरोध को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे नारी सशक्तिकरण के मार्ग में एक गंभीर बाधा करार दिया है।

उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के उद्देश्य से लाया गया यह ऐतिहासिक विधेयक, विपक्ष के गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण पारित नहीं हो सका, जो लोकतंत्र और महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है।

पुटूस ने अपने वक्तव्य में कहा कि महिला आरक्षण विधेयक केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों के सपनों को साकार करने का माध्यम है। यह विधेयक संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भूमिका देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था।

लेकिन विपक्ष ने अपनी संकीर्ण, अवसरवादी एवं पुरुषप्रधान राजनीति के चलते इस महत्वपूर्ण पहल को बाधित किया। उन्होंने आगे कहा कि आज भारतीय महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं चाहे वह प्रशासनिक सेवा हो, शिक्षा का क्षेत्र हो, सेना हो या राजनीति। ऐसे समय में महिला आरक्षण बिल का विरोध करना यह स्पष्ट करता है कि विपक्ष महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर गंभीर नहीं है, बल्कि वह केवल अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति में लगा हुआ है।

धनंजय पुटूस ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब देश में महिलाओं को सशक्त बनाने की पहल की जाती है, विपक्ष का असली चेहरा सामने आ जाता है। यह देश की माताओं और बहनों के सम्मान के खिलाफ है और जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी तथा आने वाले समय में इसका माकूल जवाब देगी।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More