Giridih News: तपसीडीह में कांग्रेस नेता अनिल चौधरी ने निकाला प्रतिवाद मार्च, मनाया लोकतंत्र का काला दिवस

गिरिडीह: जमुआ में जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनिल चौधरी ने शुक्रवार को अपने पैतृक गांव तपसीडीह में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतिवाद मार्च निकाला और लोकतंत्र का काला दिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
अनिल चौधरी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार राज्य के सभी जिला मुख्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों और मंडलों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतिवाद मार्च निकालकर काला दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में किए गए संशोधनों के कारण लाखों मतदाताओं के मतदान के अधिकार पर संकट पैदा हो रहा है। पश्चिम बंगाल के चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उनके अनुसार, फॉर्म-6 की प्रक्रिया में संशोधन के कारण बड़ी संख्या में युवा मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने से छूट सकते हैं, जिससे वे अपने मताधिकार से वंचित रह सकते हैं।
अनिल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठा रहे हैं और चुनाव आयोग से जवाब मांग रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर जवाब मांगने के दौरान राहुल गांधी को गिरफ्तार किया गया तथा विपक्ष के कुछ सांसदों पर लाठियां चलाई गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाले युवाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा सर्वोपरि है। यदि चुनाव कराने वाली संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं और उनका संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जनता का भरोसा कमजोर होता है।
अनिल चौधरी ने इसे लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा, “जब लोकतंत्र के रक्षक ही निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में विफल रहते हैं, तो लोकतंत्र कैसे सुरक्षित रह सकता है?”


