Sahebganj News: मालदा मंडल में 10 अप्रैल से पटरियों पर दौड़ेंगी मेमू ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत

पूर्वी रेलवे के मालदा रेलमंडल ने साहिबगंज, रामपुरहाट, जमालपुर और किऊल रूट पर महत्वपूर्ण मेमू सेवाओं को 10 अप्रैल से बहाल करने का निर्णय लिया है। 12 कोच वाले नए मेमू रैक के साथ चलने वाली इन ट्रेनों से दैनिक यात्रियों और छोटे व्यापारियों को सस्ती और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी। डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने इसे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।

साहिबगंज: पूर्वी रेलवे के मालदा डिवीजन ने दैनिक यात्रियों और आम जनता को बड़ी राहत देते हुए कुछ महत्वपूर्ण मेमू सेवाओं को बहाल करने का निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बारह कोच वाले दो नए मेमू रैक के साथ इन सेवाओं को पुनः शुरू किया जा रहा है। रेलवे ने साहिबगंज, रामपुरहाट, जमालपुर और किऊल रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बहाली की तिथियां भी निर्धारित कर दी हैं।

मालदा रेलमंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि रेलवे यात्रियों को सुगम और सस्ती परिवहन सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन मेमू सेवाओं की बहाली से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन सेवाओं की बहाली से उन दैनिक यात्रियों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों को फायदा होगा जो साहिबगंज, भागलपुर और रामपुरहाट पर नियमित यात्रा करते हैं। पिछले कुछ सालों से इन सेवाओं के बंद या कम होने की वजह से यात्रियों को निजी परिवहन या अन्य विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।

इन ट्रेनों का होगा परिचालन

इस बार इन ट्रेनों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इन्हें 12 कोचों और मेमू रैक के साथ चलाया जाएगा। इससे ट्रेनों में यात्री क्षमता बढ़ेगी, जिससे पीक आवर्स (भीड़भाड़ वाले समय) में यात्रियों को काफी सुविधा होगी और सीटों की उपलब्धता में भी सुधार आएगा। ये सभी ट्रेनें दस अप्रैल से पटरियों पर दौड़ेंगी।

– 63406 साहिबगंज – रामपुर हाट मेमू 10 अप्रैल से चलेगी।
– 63405 रामपुरहाट – साहिबगंज मेमू 11 अप्रैल से चलेगी।
– 63431 / 63432 साहिबगंज – जमालपुर – साहिबगंज मेमू 10 अप्रैल से चलेगी।
– 63423 / 63424 जमालपुर – किऊल – जमालपुर मेमू 10 अप्रैल से चलेगी।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More