शिव मंदिर के सामने शराब दुकान को लेकर बढ़ा आक्रोश, ग्रामीणों ने उठाई हटाने की मांग

देवघर: पालोजोरी प्रखंड के बागदाह पंचायत के बागदाह हटिया में शिव मंदिर के ठीक सामने स्थित सरकारी शराब दुकान को अन्यत्र हटाने को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को कई बार अधिकारियों के संज्ञान में देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे अब शराब दुकान हटाने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
बताया जाता है कि बागदाह हटिया स्थित शिव मंदिर के सामने शराब दुकान को हटाने को लेकर पंचायत के मुखिया ने पूर्व में प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था। मामला उपायुक्त तक पहुंचने के बाद भी दुकान यथावत संचालित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शराब दुकान मंदिर के सामने होने से मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दुकान के आसपास आवासीय इलाका होने से आम लोगों को रोजाना परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर जेएलकेएम नेता अमित मंडल ने कहा कि बागदाह स्थित शिव मंदिर के सामने सरकारी शराब दुकान किस नियम और किसके आदेश से खोली गई है, इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके एनओसी के बाद शिव मंदिर के सामने शराब दुकान खोल दी गई, जबकि मंदिर और दुकान के बीच मात्र 50 मीटर का फासला है।
अमित मंडल ने कहा कि नवरात्र शुरू होने वाला है, ऐसे में मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर आवासीय क्षेत्र, स्कूल एवं मंदिर के सामने खोले गए शराब दुकानों को हटाने को लेकर ज्ञापन दिया गया था, बावजूद इसके इस दिशा में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।




