Bokaro News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तेनुघाट में भाकपा का विरोध प्रदर्शन

मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाते भाकपा कार्यकर्ता।

तेनुघाट: अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जुलूस निकाला गया और उनका पुतला जलाकर SIR का विरोध किया गया। पुतला लेकर बस स्टैंड से जुलूस निकली जो अनुमंडल मुख्यालय का चक्कर लगाते हुए बिरसा चौक पर सभा में बदल गई।

सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव एवं झारखंड आंदोलनकारी इफ्तेखार महमूद ने कहा कि 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय समिति में मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने का आदेश दिया था, लेकिन मोदी सरकार ने मुख्य न्यायाधीश को हटाकर एक मंत्री को शामिल कर लिया, जिसके बाद चुनाव आयोग स्वतंत्र संस्था नहीं रहकर केंद्र सरकार के अधीन हो गया। उन्होंने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव के बाद चुनाव आयुक्त अशोक लवासा को जिस तरह तंग किया गया, उससे स्पष्ट हो गया कि सरकार को स्वतंत्र चुनाव आयोग पसंद नहीं है।

कानून में संशोधन कर चुनाव आयुक्तों को सुरक्षा दे दी गई है, उनकी स्थिति राजा जैसी हो गई है। वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ने मनमाने ढंग से SIR करवाकर आम लोगों को परेशानी में डाल दिया है। हमारी मांग है कि दल विशेष के लिए काम करने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत हटाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न हटे, अन्यथा पार्टी सड़कों पर उतरेगी।

सभा को प्रदेश किसान सभा उपाध्यक्ष पंचानन महतो, राज्य परिषद सदस्य मोहम्मद शाहजहां और तेनुघाट बांध विस्थापित संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष उमाचरण रजवार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर आदिवासी महासभा जिलाध्यक्ष महेंद्र मुंडा, भाकपा गोमिया अंचल सचिव सोमर मांझी, उमेश महतो, चुंबन महतो, महेश रजवार, अजीत महतो, देवानंद प्रजापति, बद्री मुंडा, धनेश्वर रविदास, अनवर रफी, आनंद कुमार सिन्हा, दशमी देवी, शशि बाला देवी, पिंकी देवी, कुंती देवी, रेखा देवी समेत कई लोग उपस्थित थे। अंत में पुतला दहन किया गया।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More