Giridih News: हिंदू नववर्ष में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, प्रशासन का मिला सहयोग

तिसरी: हिन्दू नववर्ष के स्वागत में तिसरी प्रखंड में उत्साह का ऐसा सैलाब उमड़ा कि सड़कों पर केवल भगवा झंडे और श्रद्धालुओं का जोश दिखाई दिया। स्थानीय युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा आयोजित इस भव्य बाइक रैली ने क्षेत्र के धार्मिक सौहार्द और एकता की एक नई मिसाल पेश की। रैली की शुरुआत तीसरी गांधी मैदान से शुरू हुई जहाँ सैकड़ों की संख्या में युवा अपनी बाइकों के साथ एकत्रित हुए। जैसे ही रैली आगे बढ़ी, पूरा वातावरण ‘जय श्री राम’ और ‘हिन्दू नववर्ष मंगलमय हो’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। डीजे पर बजते भक्ति गीतों ने युवाओं के उत्साह को दोगुना कर दिया।
आयोजन की संवेदनशीलता और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी रंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल रैली के साथ-साथ चलता नजर आया। जगह-जगह पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस संपन्न हो सके। रैली में न केवल युवा, बल्कि बुजुर्गों और बच्चों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जगह-जगह पर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर और शरबत पिलाकर रैली का भव्य स्वागत किया। भारी भीड़ के बावजूद युवाओं में एक अनुशासन देखने को मिला, जिसने आयोजन की भव्यता में चार चाँद लगा दिए। “यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। हिन्दू नववर्ष हमें अपनी जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा देता है।


