Dhanbad News: जमीन विवाद में बहूभोज बना रणक्षेत्र, 11 पर जानलेवा हमले की शिकायत

सिंदरी: सोमवार देर रात गौशाला क्षेत्र में आयोजित एक बहूभोज कार्यक्रम अचानक हिंसा में बदल गया। निखिल हलधर के घर आयोजित इस कार्यक्रम में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में जख्मी विनोद कुमार सिंह ने 11 लोगों के खिलाफ सिंदरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि लाठी-डंडे, गुप्ती और तलवार से हमला कर उन्हें और उनके भाई लाल मोहन सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में चल रहा है। वहीं दूसरे पक्ष के सिदाम धीवर भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका धनबाद में उपचार जारी है और उनके सिर में 17 टांके लगाए गए हैं। शिकायत में बावन धीवर, सरोज धीवर, प्रकाश मंडल समेत कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।


