साहिबगंज होकर नई ट्रेनों और सुविधाओं की मांग, डीआरयूसीसी सदस्य ने रेलवे को भेजे 18 प्रस्ताव

साहिबगंज : मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) के सदस्य कुंज बिहारी झुनझुनवाला ने मालदा मंडल के सीनियर डीसीएम को पत्र भेजकर आगामी 48वीं डीआरयूसीसी बैठक के लिए कुल 18 महत्वपूर्ण प्रस्ताव भेजे हैं। इन प्रस्तावों में भागलपुर से साहिबगंज होकर नई ट्रेनों के संचालन, कई ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ाने, ठहराव में बदलाव तथा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई है। उन्होंने भागलपुर से यशवंतपुर (बेंगलुरु) जाने वाली ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन चलती है, जिसे बढ़ाकर कम से कम सप्ताह में तीन दिन करने की मांग की गई है, ताकि दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके।
इसके अलावा भागलपुर से हावड़ा और वाराणसी के लिए वंदे भारत या इंटरसिटी ट्रेन शुरू करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है। उनका कहना है कि इससे यात्रियों को तेज और बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रस्ताव में भागलपुर से साहिबगंज होकर सुबह 5 बजे हावड़ा के लिए वंदे भारत या इंटरसिटी ट्रेन चलाने का सुझाव दिया गया है। यह ट्रेन कहलगांव, साहिबगंज, बरहरवा, तीनपहाड़ होते हुए लगभग सुबह 11 बजे हावड़ा पहुंच सकती है। वहीं, विक्रमशिला एक्सप्रेस के भागलपुर से पटना के बीच ठहराव को 16 से घटाने का सुझाव भी दिया गया है। इसके तहत मोकामा, बख्तियारपुर, आरा और बक्सर जैसे अतिरिक्त ठहराव हटाने की अनुशंसा की गई है, ताकि ट्रेन की गति और समयबद्धता बेहतर हो सके।
इसके साथ ही गोड्डा–टाटानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस को भागलपुर और साहिबगंज के रास्ते सप्ताह में तीन दिन चलाने की मांग भी रखी गई है। डीआरयूसीसी सदस्य का कहना है कि इन प्रस्तावों पर अमल होने से भागलपुर साहिबगंज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।


