सरिया अनुमंडल में होली शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

सरिया : आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने के उद्देश्य से सोमवार को सरिया अनुमंडल सभागार में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त रामनिवास यादव ने की तथा संचालन आरक्षी अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने किया।
बैठक में सरिया अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार ने स्पष्ट घोषणा की कि इस बार होली के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, हुड़दंग मचाने या अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, दिन-रात गश्त बढ़ाने तथा स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए नागरिकों से अपील की कि होली आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं, ताकि यह पर्व खुशहाली और एकता का प्रतीक बने।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम, प्रखंड प्रमुख प्रीति कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (सरिया एवं बिरनी), तीनों प्रखंडों के बीडीओ, इंस्पेक्टर अजय कुमार, तीनों थानों के थाना प्रभारी, भोला मंडल, संतोष कुमार, रफीक अंसारी, डॉ. विनय कुमार, नारायण पांडे, मनोज कुमार सहित कई शांति समिति सदस्य उपस्थित थे।
प्रशासन ने दोहराया कि होली के रंग केवल प्रेम और एकता के हों; किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


