Sahebganj News: पेंशन फर्जीवाड़ा मामले में बोरियो पुलिस ने फरार दो आरोपियों के घर चस्पाया इश्तिहार

साहिबगंज: पेंशन फर्जीवाड़ा मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों पर बोरियो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपियों के घर पर ढोल बजाकर इश्तिहार चस्पा किया और जल्द आत्मसमर्पण करने को कहा। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई बोरियो थाना कांड संख्या 48/26 में की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं – 316(2), 316(5), 318(4), 338, 336(3), 336(4) और 340(2) के तहत मामला दर्ज है।
उन्होंने बताया कि अनवारुल अंसारी, पिता- सिमोन अंसारी, निवासी- तेलो मांझी टोला और रोहित कुमार साह, निवासी- बड़ा बियासी दुमकी टोला के घर इश्तिहार चिपकाया गया। पुलिस ने गांव में मुनादी कराते हुए इश्तिहार चस्पा किया और परिजनों को स्पष्ट कहा कि अगर दोनों आरोपी तय समय में कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो आगे कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने कहा कि पेंशन से जुड़े फर्जीवाड़े में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

