बरहरवा स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 5 नाबालिग रेस्क्यू; दो प्रेमी जोड़े भी शामिल

साहिबगंज। बरहरवा आरपीएफ ने मानव तस्करी और बाल सुरक्षा को लेकर बड़ी सफलता हासिल की है। RPF पोस्ट बरहरवा की टीम ने नियमित गश्त और सघन चेकिंग अभियान के दौरान तीनपहाड़ और बरहरवा रेलवे स्टेशन से 5 नाबालिग बच्चों को अलग-अलग परिस्थितियों में रेस्क्यू किया है। सभी को सुरक्षित संरक्षण के लिए चाइल्ड लाइन संस्था मंथन को सौंप दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में की गई।
तीनपहाड़ में मिली 2 साल के भाई को गोद में लिए बहन
पहली घटना तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया की है। गश्त के दौरान आरपीएफ जवानों ने एक नाबालिग बालिका को देखा, जो अपने करीब 2 साल के छोटे भाई को गोद में लेकर अकेले घूम रही थी। रोककर पूछताछ करने पर बालिका ने बताया कि मां की डांट से नाराज होकर वह भाई को लेकर घर से निकल गई थी और भटकते हुए स्टेशन पहुंच गई। दोनों को तत्काल आरपीएफ पोस्ट लाया गया। बरहेट थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी ने बताया कि एक साल पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती पटना के एक युवक से हुई थी। परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और डांटता था। इससे नाराज होकर वह 4 अक्टूबर की रात 8 बजे घर से निकलकर सड़क के रास्ते बरहरवा स्टेशन पहुंची और पटना जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थी।
बरहरवा स्टेशन पर प्रेमी जोड़ा पकड़ाया
बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 और वेटिंग रूम में चेकिंग के दौरान आरपीएफ को तीन और नाबालिग मिले। 17 वर्षीय नाबालिग बालक और 16 वर्षीय नाबालिग बालिका, दोनों तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों ने बताया कि करीब 2 साल से उनका प्रेम संबंध है। घर वाले राजी नहीं थे, इसलिए दोनों 4 अक्टूबर 2026 को घर से भागकर बरहरवा स्टेशन पहुंचे और पश्चिम बंगाल जाने की तैयारी में थे। आरपीएफ ने समय रहते दोनों को रोक लिया।
आरपीएफ की सजगता से बची मासूमों की जिंदगी
बाद में आरपीएफ ने सभी 5 बच्चों के परिजनों से संपर्क किया और नियमानुसार कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी को मंथन संस्था, बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल और अंशु मालाकार को सुरक्षित संरक्षण के लिए सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ की इस सतर्कता से 5 मासूम संभावित बड़े खतरे में पड़ने से बच गए।
रिपोर्ट: अनूप साह


