Hazaribagh News: उत्पाद विभाग की अवैध शराब के विरुद्ध सघन छापेमारी, भारी मात्रा में शराब नष्ट
7-1024x614.jpg)
हजारीबाग/चौपारण: आगामी रामनवमी पर्व को देखते हुए उपायुक्त, हजारीबाग के आदेशानुसार अवैध शराब के निर्माण, संचय, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त, उत्पाद विभाग, हजारीबाग के मार्गदर्शन में चौपारण थाना पुलिस के सहयोग से असनाचुवा और बुकाड में संचालित विभिन्न अवैध शराब भट्ठियों और निर्माण स्थलों पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध महुआ चुलाई शराब 550 लीटर एवं किण्वित जावा महुआ 9600 किलोग्राम बरामद किया गया।
पुलिस व उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।छापेमारी अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त लोगों की पहचान कर ली गई है। उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जाएगा और जल्द ही उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। छापेमारी दल में सुमितेश कुमार अवर निरीक्षक उत्पाद विभाग, सैयद बसिरुद्दीन सहायक अवर निरीक्षक उत्पाद विभाग, अंटोनी बागे सहायक अवर निरीक्षक उत्पाद विभाग, अनूप कुमार सिंह आरक्षी उत्पाद विभाग एवं गृहरक्षक बल की विशेष टीम शामिल थी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि रामनवमी के दौरान अवैध शराब की बिक्री व सेवन को रोकने के लिए आगे भी छापेमारी जारी रहेगी। स्थानीय नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना प्रशासन को दें ताकि इस काले कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


