Dhanbad News: दामोदर नदी में लापता युवती की तलाश में उतरी NDRF टीम, तेज बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन

धनबाद : झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में लापता युवती की तलाश के लिए शनिवार को रांची से एनडीआरएफ की टीम पहुंची। टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। नदी की तेज धार और गहराई को देखते हुए एनडीआरएफ के जवान आधुनिक उपकरणों की मदद से युवती की तलाश कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सोनाक्षी कुमारी आरा से लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई थी। शुक्रवार को जीउतिया पर्व के अवसर पर वह परिवार के सदस्यों के साथ सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद स्थित दामोदर नदी पहुंची थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गई।
सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सोनाक्षी तेज बहाव में बह गई।
गोताखोरों के प्रयास के बाद NDRF ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने बिरसा पुल को जाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस-प्रशासन की ओर से भटिंडा फॉल से प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया और नदी में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद शनिवार को रांची से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
नदी किनारे डटे हैं परिजन
एनडीआरएफ की टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चला रही है। तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण तलाशी अभियान में चुनौती बनी हुई है। आधुनिक उपकरणों की मदद से टीम युवती की तलाश में जुटी है। वहीं सोनाक्षी के मिलने की उम्मीद में परिजन नदी किनारे डटे हुए हैं।


