Dhanbad News: सेवा मेरा योगदान’ अभियान में रागिनी सिंह ने कार्यकर्ताओं संग खुद संभाला सफाई का मोर्चा

धनबाद: झरिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत झरिया विधायक रागिनी सिंह ने शुक्रवार को कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया। विधायक ने स्वयं सफाई में भाग लेकर सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया।

अभियान की शुरुआत बस्ता कोला अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा एवं उसके आसपास के परिसर की साफ-सफाई से हुई। रागिनी सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं सफाई करते हुए बाबा साहेब को सम्मान अर्पित किया। इसके बाद बस्ता कोला स्थित मां गायत्री मंदिर के बाहर तथा झरिया नगर के राजा तालाब परिसर में भी सफाई अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर रागिनी सिंह ने कहा कि सेवा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व है। स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई उनके प्रति सम्मान के साथ सामाजिक कर्तव्य का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेते हुए सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी को निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जब स्वयं सेवा कार्यों में उतरते हैं, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और जनभागीदारी को बल मिलता है।
विधायक ने कहा कि झरिया की धरती सेवा, श्रम और संघर्ष की धरती है। स्वच्छ झरिया के निर्माण के लिए केवल एक दिन का अभियान पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता को अपनी आदत और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने लोगों से अपने मोहल्ले, बाजार, मंदिर, तालाब और अन्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की।
उन्होंने कहा, “‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ हमारा प्रयास है कि सेवा और स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। यह अभियान किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त झरिया के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा।”
स्वच्छता अभियान में पप्पू पासवान, अखिलेश सिंह, उमेश यादव, दिलीप भारती, अवधेश साव, पी.के. सिंह, अजय सिंह, सुनील यादव, मालती पांडेय, गुड्डू सिंह, संजय महतो एवं अमित साव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने विधायक के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों की साफ-सफाई की और स्वच्छता एवं सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


