Giridih News: गांधी जयंती पर उपायुक्त समेत अधिकारियों ने किया माल्यार्पण

गिरिडीह: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को स्टेशन रोड स्थित गांधी चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार समेत जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग को अपनाते हुए जनकल्याण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने शास्त्री जी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को भी स्मरण किया।
Reform Utsav के तहत ग्राम सभाओं के आयोजन पर जोर
उपायुक्त ने बताया कि Reform Utsav को People’s Plan Campaign (PPC) के साथ एकीकृत करते हुए 02 अक्टूबर को जिले में ग्राम सभाओं एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने, सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
अभियान के प्रभावी संचालन और कार्यक्रमों की निगरानी को लेकर जिला प्रशासन की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से ग्रामीण विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना है।


