Sahibganj News: महाराजपुर में गंगा कटाव से रेल ट्रैक पर गंभीर खतरा, युद्धस्तर पर बचाव कार्य

डाउन ट्रैक से गंगा की धारा महज 10 से 12 मीटर दूर, सैकड़ों मजदूरों के साथ चल रहा बोल्डर क्रेटिंग का काम
साहिबगंज: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के महाराजपुर स्टेशन के पास झुंझरी पुल, पोल संख्या-219/32 के समीप गंगा कटाव ने रेलवे की चिंता बढ़ा दी है। डाउन ट्रैक से गंगा की धारा अब महज 10 से 12 मीटर दूर रह गई है। रेल ट्रैक को कटाव से बचाने के लिए मालदा रेल मंडल ने मंगलवार से ही युद्धस्तर पर कटाव निरोधी कार्य शुरू कर दिया है, जो बुधवार को भी जारी रहा।
कटाव की सूचना मिलते ही मालदा मंडल के एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्या, डीईएन (विद्युत), एईएन वेद व्यास शरण सहित कई वरीय अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है, जबकि अप लाइन को सुरक्षा के लिहाज से चालू रखा गया है।
सैकड़ों मजदूर बचाव कार्य में जुटे
बुधवार को सैकड़ों मजदूर बोल्डर क्रेटिंग के काम में लगाए गए हैं। रेलवे डाउन ट्रैक पर मालगाड़ी के वैगनों से बोल्डर गिरा रहा है। यूटीवी से स्लीपर और हाइवा से बोल्डर व गर्दी गिराई जा रही है। नदी वाले हिस्से में नाव के जरिए भी बोल्डर पहुंचाकर कटाव रोकने की कोशिश की जा रही है।
आरपीएफ की टीम भी मौके पर तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर साहिबगंज आरपीएफ इंस्पेक्टर गुलाम सरवर अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात हैं। रेलवे के अनुरोध पर गंगा पंप नहर के कार्यपालक अभियंता प्रेम सोरेन भी अपनी टीम के साथ निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि रेलवे बेहतरीन तरीके से काम कर रहा है और जरूरत पड़ने पर विभाग हर सहयोग के लिए तैयार है।
बोल्डर क्रेटिंग और स्लीपर से बनेगा त्रिकोण
डीईएन मालदा (विद्युत) ने बताया कि कटाव रोकने के लिए बोल्डर क्रेटिंग कराई जा रही है। एहतियात बरतते हुए जोखिम कम करने की पूरी कोशिश की जा रही है और युद्धस्तर पर काम जारी है। हालांकि, कार्य पूरा होने की समय सीमा अभी बताना मुश्किल है।
एडीआरएम मालदा अमरेंद्र कुमार मौर्या ने कहा कि बोल्डर क्रेटिंग तैयार कर नाव के माध्यम से प्रभावित जगह पर डाला जा रहा है। इसके अलावा स्लीपर का त्रिकोण बनाकर भी डाला जाएगा, ताकि कटाव को रोकने में मदद मिल सके।
यात्री सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिव राम माझी ने बताया कि यात्री सुरक्षा और ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन रेलवे की प्राथमिकता है। जल्द ही कार्य की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। कार्य संतोषजनक पाए जाने के बाद ही ट्रेनों का आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा।


