Sahibganj News: 2 किमी लंबी टनल के लिए मिट्टी जांच शुरू, 200 फीट नीचे तक लिए जा रहे सैंपल

दिसंबर 2026 तक डीपीआर, मार्च 2027 तक टेंडर की तैयारी
साहिबगंज: जिले में फोरलेन एनएच-33 पर बनने वाली करीब 2 किलोमीटर लंबी टनल के निर्माण की दिशा में काम तेज हो गया है। टनल के लिए मंगलवार से मिट्टी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीपीआर तैयार कर रही कंपनी रोडिक कोष्टा के माध्यम से अरुण स्वायल लैब प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ की पांच सदस्यीय टीम साहिबगंज पहुंची है। टीम के सुपरवाइजर रत्नेश सिंह के नेतृत्व में मंडरो प्रखंड के करम्बी मौजा और बेतौना में टीआरडी 80 मशीन स्थापित कर मिट्टी के नमूने लिए जा रहे हैं।
जांच के दौरान करीब 200 से 300 फीट जमीन के नीचे तक मिट्टी के सैंपल लिए जाएंगे। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि जमीन के नीचे की मिट्टी दलदली, मोरम या किस प्रकार की है। सैंपल की केमिकल जांच के बाद रिपोर्ट रोडिक कोष्टा कंपनी को सौंपी जाएगी। पूरी प्रक्रिया एनएचएआई अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है। कंपनी की ओर से पांच अलग-अलग स्थानों पर मिट्टी की जांच किए जाने की जानकारी दी गई है।
दिसंबर 2026 तक तैयार होगा टनल का डीपीआर
साहिबगंज के बहुप्रतीक्षित फोरलेन प्रोजेक्ट के तीसरे फेज ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। टनल के डीपीआर तैयार करने का काम रोडिक कोष्टा कंपनी को आवंटित किया गया है। दिसंबर 2026 तक डीपीआर तैयार होने की उम्मीद है। इसके बाद तीसरे फेज में करीब 2 किलोमीटर लंबी टनल और लगभग 12 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए टेंडर निकाला जाएगा।
मार्च 2027 तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। इसके बाद सड़क निर्माण में कम से कम दो वर्ष लगने का अनुमान है। इस समयसीमा के अनुसार 2029 तक मिर्जाचौकी से फरक्का के बीच निर्बाध फोरलेन यात्रा शुरू होने की उम्मीद है।
462.2 किमी लंबे अरवल-फरक्का फोरलेन का हिस्सा है प्रोजेक्ट
गौरतलब है कि 462.2 किलोमीटर लंबे अरवल-फरक्का फोरलेन प्रोजेक्ट का 81.73 किलोमीटर हिस्सा साहिबगंज जिले में आता है। पहले साहिबगंज में इसकी लंबाई करीब 93 किलोमीटर थी, लेकिन एलाइनमेंट में बदलाव के बाद दूरी कम हुई है। पूरा प्रोजेक्ट साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक का बताया गया है। तीसरे फेज में फोरलेन को मल्टी मॉडल टर्मिनल से जोड़ने की भी योजना है।
अत्याधुनिक तकनीक से बनेगी टू-लेन टनल
साहिबगंज में प्रस्तावित टनल को अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किए जाने की योजना है। यह टू-लेन टनल होगी। इसमें सिंगल लेन टनल की तरह अलग से एस्केप टनल बनाने की आवश्यकता नहीं होगी। टनल के भीतर दोनों लेन को बीच-बीच में आपस में कनेक्ट रखने की व्यवस्था होगी, ताकि किसी हादसे या आपात स्थिति में दूसरी लेन के रास्ते मदद पहुंचाई जा सके।
टनल के अंदर पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था रहेगी, जिससे वाहनों की आवाजाही सुरक्षित तरीके से हो सके।
फोरलेन से जुड़ेगा साहिबगंज-गोविंदपुर रोड और मल्टी मॉडल टर्मिनल
योजना के अनुसार फोरलेन सड़क भरतिया पेट्रोल पंप, लोहंडा के पास साहिबगंज-गोविंदपुर रोड के ऊपर से गुजरेगी और इसे सड़क से कनेक्ट भी किया जाएगा। वहीं, तालझारी की ओर बढ़ने पर फोरलेन से एक और फोरलेन निकलेगी, जो सीधे सकरीगली स्थित बंदरगाह यानी मल्टी मॉडल टर्मिनल तक जाएगी।
इस तरह परियोजना के पूरा होने के बाद साहिबगंज में सड़क संपर्क के साथ-साथ बंदरगाह तक सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।


