Deoghar News: चितरा कोलियरी में करोड़ों खर्च के बाद भी जल निकासी की समस्या बरकरार

चितरा कोलियरी परिसर में बारिश के बाद सड़कों और घरों के बाहर भरा पानी।

देवघर: जिले के एकमात्र औद्योगिक क्षेत्र चितरा ईसीएल कोलियरी में विकास कार्यों के नाम पर कथित अनियमितता और लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। चितरा कोलियरी सीआईटीयू अध्यक्ष युधिष्ठिर प्रसाद सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि कोलियरी क्षेत्र में जल निकासी के नाम पर सरकारी राजस्व से अब तक करोड़ों रुपये की निकासी की जा चुकी है, बावजूद इसके जल निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है।

हालिया भारी बारिश ने कोलियरी प्रबंधन की व्यवस्था की पोल खोल दी है। जल निकासी नहीं होने की वजह से आवासीय क्षेत्र जल-जमाव से भर गए, वहीं खदान और अन्य इलाकों में भी पानी भरने से भारी परेशानी हो रही है। प्रतिवर्ष इस समस्या से यह के कामगारों को दो चार होना पड़ रहा है।

यूनियन प्रतिनिधियों का आरोप है कि ट्रांसपोर्टिंग रोड जामताड़ा-चितरा में 8 नंबर ओबी डंप के समीप मुख्य सड़क पर जल-जमाव से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। बताया जा रहा है कि पिछले 2-3 वर्षों से खनन संबंधी नियमों की अनदेखी कर कार्य किया जा रहा है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि चितरा में प्रबंधन द्वारा कई नियमों को ताक पर रखकर कार्य किए जा रहे हैं। सड़क के समीप डंप होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को हो रही है।

युधिष्ठिर सिंह यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईसीएल प्रबंधन ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया और जनसमस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया, तो ग्रामीणों और यूनियन के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने जल निकासी में खर्च हुई राशि और ओबी डंप से जुड़े कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More