Sahibganj News: कंचनजंघा पर्यटन महोत्सव में छाई झारखंड की जनजातीय विरासत, अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखी राज्य की झलक

राजमहल विधायक एमटी राजा ने पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, वस्त्र और सांस्कृतिक पहचान को किया प्रस्तुत
साहिबगंज: कंचनजंघा पर्यटन महोत्सव के अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत की खास झलक देखने को मिली। महोत्सव में राजमहल के विधायक एमटी राजा ने झारखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, वस्त्र और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता से प्रस्तुत किया।
प्रदर्शनी में झारखंड की पहचान से जुड़े विभिन्न उत्पादों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इनमें पलाश उत्पाद, बांस शिल्प, विश्व प्रसिद्ध सोहराय-कोहबर चित्रकला, तसर सिल्क, कुचाई सिल्क, पेंचो साड़ी सहित कई पारंपरिक वस्त्र और हस्तनिर्मित उत्पाद शामिल रहे। झारखंड के स्टॉल पर प्रदर्शित इन उत्पादों को देखने के लिए देश-विदेश से पहुंचे पर्यटकों की भीड़ उमड़ी।
इस अवसर पर विधायक एमटी राजा ने कहा कि झारखंड की संस्कृति केवल राज्य की पहचान नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां की जनजातीय कला, लोक परंपराएं और हस्तशिल्प में स्थानीय कारीगरों की मेहनत के साथ पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं की झलक मिलती है।
उन्होंने कहा कि कंचनजंघा पर्यटन महोत्सव जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की कला और संस्कृति को प्रदर्शित करना बुनकरों, शिल्पकारों और कलाकारों को नई पहचान और बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने के साथ स्थानीय कारीगरों की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।
महोत्सव में झारखंड की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को देखकर देश-विदेश से आए आगंतुकों ने विशेष रुचि दिखाई। लोगों ने झारखंड के हस्तनिर्मित उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।


