Sahebganj News: काटरगंज में दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी, 100 फीट ऊंचा बनेगा जगन्नाथ मंदिर जैसा पंडाल

पूजा को लेकर मंदिर परिसर में आयोजित समिति की बैठक।
100 फीट ऊंचा होगा पंडाल

16 लाख रुपये के बजट से होगी पूजा, लाइटिंग, प्रतिमा और मेले की रहेगी विशेष व्यवस्था

साहिबगंज: आगामी दुर्गा पूजा को लेकर काटरगंज स्थित साक्षरता चौक के पूर्वांचल दुर्गा पूजा समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मां दुर्गा मंदिर परिसर में पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मूर्तिकार द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण शुरू कर दिया गया है। वहीं समिति के सदस्य गांव-गांव जाकर रसीद के माध्यम से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से सहयोग राशि एकत्रित कर रहे हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की है।

समिति के अध्यक्ष विमल यादव ने बताया कि मंदिर में दुर्गा पूजा की शुरुआत वर्ष 1989 में हुई थी। इस वर्ष भी भव्य पंडाल, आकर्षक विद्युत साज-सज्जा, प्रतिमा और मेले का आयोजन किया जाएगा। पूजा का मुख्य आकर्षण 100 फीट ऊंचा पंडाल होगा, जिसे ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसके अलावा आकर्षक लाइटिंग और मां दुर्गा की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।

16 लाख रुपये का रखा गया है बजट

समिति के कोषाध्यक्ष अवधेश यादव ने बताया कि इस वर्ष पूजा का कुल बजट करीब 16 लाख रुपये रखा गया है। इसमें पंडाल निर्माण पर 6 लाख रुपये, लाइट सजावट पर 5 लाख रुपये, प्रतिमा निर्माण पर 1 लाख रुपये और पूजन सामग्री व भोग पर 1 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शेष राशि विसर्जन, साज-सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं में खर्च होगी।

सुरक्षा और पार्किंग की भी रहेगी व्यवस्था

पूजा के दौरान पंडाल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा निगरानी समिति और मेला व्यवस्थापक की तैनाती रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। दूर-दराज से आने वाले दुकानदारों के लिए भी जगह निर्धारित की गई है। इस बार विसर्जन जुलूस को भी भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी है।

नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

मंदिर प्रांगण में हुई बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष विमल यादव व अखिलेश यादव, उपाध्यक्ष अंतेश यादव, केदार यादव, प्रमोद यादव, धर्मेंद्र यादव, रामदेव यादव, सुनील यादव, अजगैबी यादव और धीरेन यादव बनाए गए। सचिव वीरेंद्र यादव, गौरव यादव, कमलेश यादव और रामाकांत यादव को जिम्मेदारी दी गई। उपसचिव के रूप में आदित्य यादव, गोल्डन कुमार, झाबर गौड़, खीरू यादव और दिनेश शर्मा को चुना गया।

कोषाध्यक्ष अवधेश यादव तथा उपकोषाध्यक्ष हलचल यादव, अनंत कुमार, विवेक यादव, उमेश सिंह, प्रेम साह और राहुल को बनाया गया। सभी सदस्यों को पूजा से लेकर विसर्जन तक अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

समिति ने बताया कि इस बार ग्रामीणों में दुर्गा पूजा को लेकर विशेष उत्साह है। सभी के सहयोग से पूजा को धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More