Dumka News: गोविंदपुर में हाथियों ने रौंदी फसलें और घर किया क्षतिग्रस्त, मची भारी तबाही

धनबाद: गोविंदपुर प्रखंड की मरीचो पंचायत में करीब 35 हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों के झुंड ने गांव में पहुंचकर खेतों में लगी फसलों को रौंद दिया, वहीं एक घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही जिप सदस्य स्वाति चौधरी मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के साथ-साथ मुआवजा दिलाने को लेकर अधिकारियों से बातचीत की।
पीड़ित परिवारों के मुताबिक, जब हाथियों का झुंड गांव में पहुंचा, उस वक्त एक घर में गर्भवती महिला भी मौजूद थी। महिला के लिए समय रहते घर से बाहर निकलना मुश्किल था। हालांकि, गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। वहीं जिप सदस्य स्वाति चौधरी ने प्रशासन और वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

