Sahebganj News: आरपीएफ ने ट्रांसफॉर्मर पुर्जा चोरी मामले का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार कर भेजा जेल

ट्रांसफॉर्मर चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी अखलाख हुसैन के साथ आरपीएफ की टीम।

बरहरवा: क्षेत्र में स्थानीय विद्युत आपूर्ति से जुड़े 63 केवीए ट्रांसफॉर्मर के महत्वपूर्ण पुर्जों की चोरी के मामले का आरपीएफ ने खुलासा किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार, 25 सितंबर को विद्युत विभाग के कुमार राज ने आरपीएफ पोस्ट को सूचना दी कि ट्रांसफॉर्मर संख्या 2278/13-14, (जो ईस्ट रिले हट को स्थानीय विद्युत आपूर्ति करता था) क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला है। यह ट्रांसफॉर्मर बरहरवा-बोनिडांगा सेक्शन में टीआरडी मास्ट लोकेशन संख्या 270/40-42 के बीच स्थापित था।

सूचना पर आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में सबइंस्पेकर लाल बहादुर मांझी, कांस्टेबल अनिल कुमार साह और कांस्टेबल अजय कुमार ने विद्युत कनीय अभियंता के साथ मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि ट्रांसफॉर्मर के महत्वपूर्ण पुर्जे निकाल लिए गए थे, मौके पर केवल ट्रांसफार्मर के केसिंग ही बची थी। विभाग ने ट्रांसफॉर्मर की कीमत लगभग 1.51 लाख रुपये और गायब तांबे की कीमत करीब 21 हजार रुपये आंकी है।

चोरी गई सामग्री की बरामदगी के लिए आरपीएफ ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। गुप्त सूचना के आधार पर मेहदीडांगा स्थित मुनिया होटल के समीप एक कबाड़ दुकान में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान दुकान से ट्रांसफॉर्मर के तीन बेस बॉडी पार्ट्स और 16 ब्लेड सेल पार्ट्स बरामद हुए। साथ ही 500 रुपये के 36 नोट, कुल 18 हजार रुपये नकद भी मिले। मौके पर मौजूद अखलाख हुसैन (28 वर्ष), निवासी शुक्रवासानी, मिर्जापुर, गणेशपुर, थाना बड़हरवा से पूछताछ की गई। उसने बताया कि दुकान उसके ससुर जलाउद्दीन शेख उर्फ जल्ला की है और वह अपने साले हसीबुल रहमान व मिस्टर शेख के साथ दुकान चलाता है।

पूछताछ में उसने बरामद पुर्जों के चोरी की संपत्ति होने की बात स्वीकार की, लेकिन तांबे व अन्य पुर्जों के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। दुकान मालिक जलाउद्दीन शेख और हसीबुल रहमान मौके से फरार मिले। पूछताछ के दौरान अखलाख हुसैन ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आरपीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में बरामद सामग्री जब्त कर कनीय अभियंता (विद्युत) कुमार राज की लिखित शिकायत पर मामला संख्या 02/2026 दिनांक 25.09.2026 के तहत रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम, 1966 की धारा 3(ए) के तहत मामला दर्ज किया।

गिरफ्तार आरोपी को 26 सितंबर को रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी, साहिबगंज के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए शेष तांबे व पुर्जों की बरामदगी के लिए आरपीएफ लगातार छापेमारी कर रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More