रांची: इरगू टोली में वर्चस्व स्थापित करने के लिए चली दो राउंड फायरिंग

रांची: सुखदेवनगर थाना के इरगू टोली कैलाश मंदिर में सोमवार को रात में साढ़े नौ बजे श्रद्धालु जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारी में जुटे हुए थे तभी आपसी विवाद में दो राउंड फायरिंग हुई। टिंकू चौधरी ने दहशत फैलाने और अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए घटना को अंजाम दिया। फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा- तफरी मच गयी। कुछ ही देर में वहां सन्नाटा पसर गया। बताया गया कि युवकों के एक समूह के बीच से टिंकू चौधरी ने कैलाशनगर और इसके आसपास के इलाके में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए माउजर से फायरिंग की। घटना की सूचना मिलने पर सुखदेवनगर थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची।
पुलिस ने कैलाशनगर मंदिर और आसपास की गलियों में रहने वाले कुछ लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने टिंकू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने लोडेड माउजर भी बरामद किया है। पुलिस टिंकू से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। सुखदेवनगर थाना प्रभारी ममता कुमारी के मुताबिक टिंकू चौधरी का वहीं रहने वाले कुछ लोगों से किसी मसले को लेकर पूर्व में बकझक हुई थी। बदला लेने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से उसने रात में फायरिंग की।




