जमशेदपुर की महिला ने कोर्ट से कहा – अपराध से लाखों कमाता है पति, मुझे चाहिए 50 हजार महीना गुजारा भत्ता

जमशेदपुर : पति-पति में विवाद होने पर मुआवजा या गुजारा भत्ता मांगने की बात तो सामान्य है, लेकिन जरा सोचिए कि कोई पत्नी अपने पति के काले कारनामों के आधार पर होने वाली कमाई का हवाला देते हुए मुआवजा मांगे तो कैसी स्थिति उत्पन्न होगी। जमशेदपुर की एक महिला ने अपने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कोर्ट में यह अर्जी लगायी कि उसके पति को साइबर क्राइम व अन्य अपराध से हर महीने लाखों रुपये की कमाई होती है, इसलिए उसे कोर्ट के आदेश द्वारा 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाए।
महिला जमशेदपुर के गोलमुरी केबुल टाउन की रहने वाली है। महिला ने अदालत को दी अर्जी में कहा है कि उसकी शादी 2018 में हुई थी और उसका पति साइबर क्राइम व रोड पर लूटमार करता है, जिससे हर महीने लाखों कमाता है। उसने पति द्वारा प्रताड़ना वा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब उसे अलग से गुजारे के लिए पति के द्वारा हर महीने 50 हजार रुपये दिलवाया जाए।
महिला ने बताया है कि उसके सास-ससुर कोलयरी में काम करते थे। उसने बताया कि जब उसकी शादी हो रही थी तो बताया गया कि लड़का भी कोल माइंस में काम करता है और शादी के लिए आठ लाख रुपये दहेज के रूप में लिए गए, साथ ही फर्नीचर, फ्रीज, सोफे व घरेलू उपयोग के अन्य सामान व जेवरात जिसकी कीमत ढाई लाख रुपये है, दिए गए थे।
महिला ने कहा कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति सड़क पर लूट करता है और कोलयरी में काम नहीं करता है। उसकी लूट मामले में गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पति के बारे में महिला ने बताया कि शादी के बाद पता चला कि वह आपराधिक प्रकृति का आदमी है।
महिला ने कहा है कि ससुराल वाले उसे घर से पैसे व दहेज लाने के लिए भी प्रताड़ित करते थे। महिला ने कहा है कि जब वह 2019 में गर्भवती थी तब उसके साथ मारपीट की गयी थी जिसके कारण वह अस्पताल में भर्ती हुई थी और चतरा पुलिस में उसने इसकी शिकायत की थी। इसके बाद पति व ससुराल वालों ने खानपीना बंद कर दिया और केस वापस लेने का दबाव बनाने लगे, जिसके बाद 2020 में उसने केस वापस ले लिया।
महिला ने अदालत ने कहा है कि उसके पति व ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना व मारपीट की प्राथमिकी दर्ज करायी जाए।


