रांची के अखबार : नियमों का उल्लंघन कर बाबाधाम में 3000 लोग पूजा के लिए जुटे, चीन सागर में भारतीय युद्धपोत तैनात

रांची : प्रभात खबर ने आज लीड खबर बस परिचालन को लेकर बस आॅनर्स एसोसिएशन की बैठक में लिए गए फैसले को बनाया है. झारखंड सरकार द्वारा एक सितंबर से प्रभावी होने जा रहे अनलाॅक 4 में बसों के परिचालन की अनुमति दी गयी है, इसके कोविड गाइडलाइन का पालन करना होगा. दो सीट पर एक यात्री बैठ कर सफर करेंगे, इसलिए एसोसिएशन ने सामान्य से दोगुना किराया तय किया है. बस मालिकों ने यह भी फैसला लिया है कि कोविड नियमों के उल्लंघन के आरोप में केस मालिक पर नहीं ड्राइवर व कंडक्टर पर दर्ज हो. सरकार से टैक्स में छूट की मांग की गयी है अन्यथा कड़ा रुख अख्तियार करने की चेतावनी दी गयी है. अखबार ने इस खबर का शीर्षक दिया है: डेढ से दोगुणा हो जाएगा बस किराया, घोषणा आज संभव.
अखबार ने पहले पन्ने पर एक खबर दी है कि हेमंत सोरेन ने जेइइ नीट की परीक्षा को लेकर छात्रों से सुझाव मांगा है. वहीं, यह उल्लेख है एनटीए की तैयारी पूरी हो गयी है और कल से परीक्षा होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक मन की बात कार्यक्रम की खबर है, जिसमें उन्होनंे कहा है कि आत्मनिर्भर भारत में खिलौने व कंप्यूटर गेम्स देसी हों.
यह खबर है कि रांची में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मिल कर लौट रहे दो राजद नेताओं की हजारीबाग में सड़क हादसे में मौत हो गयी. ये नेता सहरसा के थे. इनमें एक विजेंद्र यादव थे जो टिकट की दावेदारी कर रहे थे.
देवघर बाबाधाम की खबर है कि रविवार को मंदिर का पट खुलते ही हजारों श्रद्धालु गाइडलाइन का उल्लंघन कर पूजा करने पहुंच गए. करीब तीन हजार श्रद्धालु पहुंच गए. जबकि नियमतः 200 को ही दर्शन पूजन करना था. एक खबर है जमीन के फर्जीवाड़े की जांच करायी जाएगी. आॅनलाइन रिकार्ड बनाने के नाम पर गड़बड़ियों की खबरें आयी थीं.
हिंदुस्तान अखबार ने खबर दी है कि भारतीय सेना का युद्धपोत चीन सागर में तैनात कर दिय गया है. सेना ने गोपनीय तरीके से अग्रिम मोर्चे पर विवादित दक्षिण चीन सागर में अपनी मौजूदगी कायम की है. वहीं, सर्वे के आधार पर यह खबर है कि 78 प्रतिशत छात्रों ने कहा है कि जेइइ नीट परीक्षा स्थगित होने से उन्हें परेशानी नहीं है. बस किराया वृद्धि की खबर को इसने भी लीड बनाया है. वहीं, यह खबर है कि 1327 नए कोरोना संक्रमित मिले और 1182 स्वस्थ हुए.
बाबाधाम, देवघर मंें दर्शन के लिए जिला प्रशासन आज से आनलाइन पास उपलब्ध कराएगा, पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर 200 पास मिलेंगे. प्रधानमंत्री के मद की बात कार्यक्रम के हवाले से खबर है लोकल खिलौने के प्रति वोकल बनें.


