झारखंड में कोरोना से दूसरी मौत, हिंदपीढी के संक्रमित परिवार के सदस्य की गयी जान

रांची : रांची के हिंदपीढी इलाके के एक 58 वर्षीय शख्स की मौत हो गयी है. बोकारो के बाद रांची में कोरोना से हुई मौत झारखंड में कोरोना संक्रमण से मौत का दूसरा मामला है. हिंदपीढी के उस बुजुर्ग शख्स की मौत हुई है जो रांची में कोरोना संक्रमित मिली दूसरी मरीज 52 वर्षीया महिला के पति थे. राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले भले देर से आए लेकिन इसमें गुणात्मक वृद्धि हुई और शनिवार को तीन नए मामले मिलने के साथ ही यह 17 तक पहुंच गया. शनिवार को रांची के हिंदपीढ़ी तथा हजारीबाग के विष्णुगढ़ में एक-एक और पॉजिटिव केस मिला. जबकि कोडरमा में एक पाॅजिटिव शख्स मिला जो गिरिडीह जिले का रहने वाला है और हाल में मुंबई से लौटा था.
मृतक कोरोना मरीज को सांस लेने की परेशानी हो रही थी और स्थिति लगातार खराब होती गयी. गुरुवार देर रात से ही उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था. उनका पूरा परिवार रिम्स के आइसोलेशन वार्ड मंें भर्ती है. हालांकि राहत की बात यह है बहू व तीन साल के एक बच्चे की रिपोर्ट निगेटिव आयी है.
कोडरमा में मिले कोरोना मरीज को लेकर चिंता अधिक गहरी है. क्योंकि कोडरमा के सीमा से सटे गिरिडीह जिले के एक गांव का रहने वाला वह 26 वर्षीय व्यक्ति 21 मार्च को मुंबई से अपने भाई के साथ लौटा था. वहीं, हजारीबाग के विष्णुगढ में मिला कोरोना संक्रमित दूसरा शख्स भी मुंबई से लौटा था. बताया जाता है कि उसका घर विष्णुगढ प्रखंड के पहले कोरोना संक्रमित व्यक्ति के घर से तीन किमी दूर है. दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में श्रमिक झारखंड लौटे हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं कबूला है कि दो लाख के करीब लोग बाहर से यहां आए हैं. सरकार इनको लेकर चिंतित है. राज्य के पास सभी की जांच के लिए संसाधन नहीं हैं. ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग व क्वारंटाइन ही ऐसे उपाय हैं जिनसे कोरोना का प्रसार रोका जा सकता है.


