कोडरमा में कोरोना वायरस का पहला केस, मुंबई से आए शख्स को कोरोना, तीन नये मरीज मिले

कोडरमा : झारखंड में कोरोना के तीन नए मामले मिले हैं. कोरोना से संक्रमित एक मरीज बिहार से सटे कोडरमा जिले में मिला है. इसके अलावा दो और लोग कोरोना वाइरस से संक्रमित पाये गए हैं. इस तरह झारखंड में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 17 हो गयी हैं. स्वस्थ सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की.
शुक्रवार देर रात जब 184 सै.ैंपल की जाँच रिपोर्ट आयी तो इसमें तीन लोग पॉजिटिव पाये गये. जो नये मामले सामने आए हैं, उनमें एक हिंदीपीढ़ी रांची का भी है. दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज हजारीबाग जिला का है. तीसरा मरीज कोडरमा जिला का है. सैंपल जांच में 181 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आयी है.
कोडरमा के सदर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती जिस मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है, वह गिरिडीह जिले के जहानाडीह का रहने वाला है. उसका गांव कोडरमा जिले मरकच्चो प्रखंड से सटे गिरिडीह जिले के सीमाई इलाके में है. वह हाल में मुंबई से लौटा था और उसमें कोरोना का लक्षण दिखाई देने पर उसे मरकच्चो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. बाद में उसे आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कराया गया.




