Koderma News: 1967 से सामंतों काली मंदिर में हो रही है काली पूजा, जिलेभर के श्रद्धालु जुटे

59 वर्षों से कायम है आस्था और परंपरा, आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाया मंदिर परिसर
कोडरमा: झुमरी तिलैया शहर के सामंतों काली मंदिर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी उल्लासपूर्ण माहौल में काली पूजा का आयोजन किया गया। पूजा कार्यक्रम में कोडरमा जिले के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान विधिवत पूजा-अर्चना, आरती, पुष्पांजलि और हवन कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर के पूरे परिसर को रंगीन बल्बों से सजाया गया था, जो आकर्षक छटा बिखेर रहे थे।
गौरतलब है कि वर्ष 1967 से इस मंदिर में विधि-विधान के साथ काली पूजा का आयोजन हो रहा है। मंदिर प्रबंधन से जुड़े उत्पल सामन्ता ने बताया कि उनके दादा और इलाके के अभ्रक व्यापारी स्वर्गीय गंगाधर सामन्ता ने इस मंदिर का निर्माण कराया था। उन्होंने बताया कि वर्ष 1965 में मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हुआ था और 1967 में पूरा हुआ था। वर्ष 1967 से ही मंदिर में काली पूजा का आयोजन शुरू हुआ, जो आज भी अनवरत जारी है।

सामन्ता ने बताया कि इस बड़े मंदिर के ठीक पीछे 1936 के दशक में बना पुराना काली मंदिर भी स्थित है, जहां पहले पूजा होती थी। उक्त पुराने मंदिर में हाल ही में स्थापित मूर्ति की बेहतरी को लेकर कार्य कराया गया है। वहां भी नियमित रूप से पूजा की जाती है।
उन्होंने बताया कि बड़े मंदिर के परिसर को बेहतर बनाने के लिए कई कार्य कराए गए हैं। गौरतलब है कि 59 वर्षों के बाद भी इस मंदिर की खूबसूरती और भव्यता बरकरार है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की मन्नतें अवश्य पूरी होती हैं, ऐसी मान्यता है।
यह मंदिर कोडरमा जिले का गौरव और आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है।


