भाजपा का कांग्रेस पर हमला, कहा: कांग्रेस टुकड़े-टुकड़े गैंग की सहयोगी

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी सांसद अरुण सिंह ने आज प्रदेश कार्यालय में नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए उन्हें केंद्रीय नेतृत्व की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रकाश को केंद्रीय नेतृत्व का आशीर्वाद प्राप्त है। वे जुझारू, मिलनसार एवं पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि इनके मन मे हमेशा विधायक सांसद बनने से ज्यादा संगठन की मजबूती की चिंता दिखी। आज कार्यकर्ताओं ने इनके पदभार ग्रहण पर उत्सव मनाकर स्वागत किया, जो इनके प्रति प्यार और सम्मान को प्रकट करता है।
सिंह ने कहा प्रधानमंत्री 21वीं सदी में भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशां में सार्थक प्रयास कर रहे है। जबकि कांग्रेस पार्टी ने अपने विचार को पूरी तरह तिलांजलि दे दी है। आज कांग्रेस पार्टी टुकड़े-टुकड़े गैंग की सहयोगी एवं आप पार्टी की पिछलग्गू बन गई है। कांग्रेस देश हित की चिंता करना छोड़ चुकी है।
प्रदेश की हेमंत सरकार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार आदिवासियों का नर संहार कराती है। प्रशासन के सहयोग से सीएए समर्थन रैली पर हिंसक हमला होता है, कल्याणकारी योजनाएं बंद की जा रही, विकास पूरी तरह ठप है। सिंह ने कहा कि दीपक प्रकाश के कुशल नेतृत्व में पार्टी प्रदेश में सभी चुनौतियों पर विजय प्राप्त करते हुए बूथ स्तर तक और मजबूत होगी।
पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सभी पार्टियां परिवार एवं वंशवाद से ग्रसित है, जबकि भाजपा विचार पर आधारित है। आंतरिक लोकतंत्र एवम सामूहिक निर्णय के बल पर पार्टी ने अपनी अलग पहचान बनाई है। कहा कि हिंदुत्व इस देश की पहचान है,हमे प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के बल पर भारत को विश्व गुरु बनाना है।
वहीं, भाजपा के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता हमें आशा भरी नज़रों से देख रही है। हमें प्रदेश की जनता को विकास विरोधी सरकार की नाकामियों को बताना है। प्रदेश में अनेक चुनौतियां है, जिसका मिलकर सामना करना है।
निवर्तवान प्रदेश अध्यक्ष लक्षमण गिलुवा ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी प्रकाश के कुशल नेतृत्व में आगे बढ़ेगी। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया।
आज के इस कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश पद्मश्री कड़िया मुंडा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, पीएन सिंह, अभयकांत प्रसाद, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित प्रदेश के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, एवं हज़ारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।


