रघुवर के प्रति किसी प्रकार का द्वेष नहीं: हेमंत सोरेन

रांची: झारखंड में पक्ष-विपक्ष के बीच सियासी पेंच लड़ती रहती है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जामताड़ा में पूर्व सीएम रघुवर दास के खिलाफ मिहिजाम थाना में एसटी-एससी धारा के तहत दर्ज केस को वापस ले लिया है। इसकी सूचना सोरेन ने जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर दी।

सीएम सोरेन ने कहा कि रघुवर दास के प्रति उनके मन में किसी भी प्रकार के द्वेष या बदले की भावना नहीं है। उन्होंने कहा कि हम बिल्कुल सकारात्मक सोच के साथ झारखंड को दिशा देना चाहते हैं।  साथ ही रघुवर द्वारा विधानसभा चुनाव में जातिसूचक टिप्पणी पर दर्ज केस पर उन्होंने कहा कि वे दुखी होकर एसटी-एससी थाने में दास के खिलाफ सनहा दर्ज कराया था। लेकिन, अब चूँकि चुनाव खत्म हो चुका है, इसलिए वे इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। अब आपसी मतभेद का कोई मतलब नहीं है। इस राज्य का सर्वांगीण विकास करना है। हम सकारात्मक सोच के साथ चलने वाले हैं। 

सीएम सोरेन द्वारा जामताड़ा पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में कहा है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चुनावी सभा में उनके विरुद्ध जातिसूचक उपनाम लेकर अपशब्दों का प्रयोग किया था। जिससे दु:खी होकर उन्होंने अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार अधिनियम 1989 (संशोधन 2015) के तहत मिहिजाम थाने में मामला दर्ज कराया। लेकिन काफी विचार के बाद उन्होंने उक्त मामले को वापस लेने का निर्णय लिया। अब आगे इस मामले में  कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है।

 

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More