सोरेन परिवार द्वारा सीएनटी के उल्लंघन करके खरीदी हुई जमीनों की हो जांच : समीर उराँव

रांची: शनिवार को हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद समीर उराँव, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव और अनिल सिन्हा मौजूद रहे।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए उराँव ने कहा कि राज्य सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर रही है। जहाँ एक ओर सरकार किसानों को कर्जमुक्त और आत्मनिर्भर बनाने वाली कृषि आशीर्वाद योजना को बंद करने जा रही है। वहीँ दूसरी ओर से यह भी खबर आ रही है कि महिला सशक्तिकरण के लिए चल रही 1 रूपए में रजिस्ट्री योजना को भी सरकार बंद करेगी। यह योजना एक सामाजिक अभियान था, जिससे महिलाओं के साथ- साथ एक परिवार भी सशक्त एवं स्वालंबी बन रहा था। इससे साफ़ जाहिर है कि हेमंत सरकार ऐसे कार्यक्रम को बंद कर के भाजपा के खिलाफ सिर्फ द्वेष की राजनीति कर रही है।

इसके अलावा टेंडरों की जांच को लेकर सांसद ने कहा कि जब सरकार टेंडरों की जाँच कर ही रही है, तो उसे इस जांच में सोरेन परिवार के द्वारा राज्य के 7 जिलों में सीएनटी एसपीटी का उल्लंघन करके खरीदी हुई जमीनों की भी जांच करवा कर कार्रवाई करनी चाहिए।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि बीस दिनों पहले बहुसंख्यक समाज के जुलुस पर पथराव हुआ, जिसमे एक की मौत और दर्जनों घायल हो गये थे। लेकिन आज तक मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा नहीं की। इससे उनकी बहुसंख्यक समाज के प्रति सोच झलकती है। इसके अलावा जब झामुमो विपक्ष में थी, तब जमीन मामलों की जाँच करने वाली एसआईटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग कर रही थी। लेकिन सत्ता में आते ही उन्होंने रिपोर्ट को ही दबा दिया। यह सारी घटनाक्रम इस बात की ओर दर्शाता है कि मुख्यमंत्री दोहरी राजनीति कर रहे हैं।

वहीँ प्रदेश प्रवक्ता अनिल सिन्हा ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बड़े वादों और घोषणाएं करके सत्ता में आई हेमंत सरकार अब बहानेबाज़ी कर रही है। वादों को पूरा करने में अक्षम सरकार खजाना खाली का बहाना करके जनता को भ्रम में डाल रही है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि पथ निर्माण विभाग में 2014 के टेंडर को छोड़कर 2015 से टेंडरों की जांच करवाकर सरकार अपनी दुराग्रह का परिचय दे रही है।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More