Giridih News: गिरिडीह कॉलेज को मिला नया प्रभारी प्राचार्य, डॉ. केएन शर्मा ने संभाला पदभार

गिरिडीह: गिरिडीह कॉलेज में फर्जी निकासी के मामले को लेकर चल रहे विवाद के बीच कॉलेज को नया प्रभारी प्राचार्य मिल गया है। आरके महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केएन शर्मा को गिरिडीह कॉलेज का नया प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है। उन्होंने शनिवार को कॉलेज पहुंचकर पदभार ग्रहण किया।
पदभार संभालने के बाद डॉ. केएन शर्मा सबसे पहले कॉलेज परिसर में पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की।
डॉ. केएन शर्मा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को उठाना है। इसके बाद सभी के सहयोग से कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने और कॉलेज को आगे ले जाने के लिए काम किया जाएगा।
बता दें कि गिरिडीह कॉलेज में फर्जी निकासी के मामले को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता तत्कालीन प्राचार्य डॉ. एमएन सिंह को हटाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। मामले को लेकर कॉलेज परिसर में लगातार विरोध और हंगामे की स्थिति बनी हुई थी।
दो दिन पूर्व विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. चंद्र भूषण शर्मा भी गिरिडीह कॉलेज पहुंचे थे। उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मुलाकात कर आंदोलन समाप्त करने की अपील की थी। इसके बाद विश्वविद्यालय की ओर से नोटिस जारी कर प्राचार्य डॉ. एमएन सिंह को मेडिकल लीव पर भेज दिया गया और आरके महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केएन शर्मा को गिरिडीह कॉलेज का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया।
अब नए प्रभारी प्राचार्य के सामने कॉलेज में चल रहे विवाद को शांत करने के साथ-साथ शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की चुनौती है।


