-मंत्री ने दिये जांच के आदेश
गिरिडीह: चैताडीह स्थित मातृत्व शिशु स्वास्थ्य इकाई में मंगलवार को तीन नवजात शिशुओं की मौत होने के के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने डाॅक्टरों पर आरोप लगाया, कि इंजेक्शन देने के बाद बच्चों की तबीयत खराब हुई व फिर मौत हो गई। आक्रोेशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ करने के अलावे दो डॉक्टर्स के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने सिविल सर्जन को इस बाबत जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
[URIS id=8357]
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ऐसी कार्रवाई होगी, कि आगे भविष्य में इस तरह की घटना न घटे। डॉक्टर्स द्वारा आरोप को सीधे नकार दिया गया व कहा कि अगर इंजेक्शन में गड़बढ़ी होती तो और भी बच्चों की तबीयत खराब होती। क्योंकि इन तीन के अलावा बाकि कई नवजात बच्चों को भी इंजेक्शन लगाया गया था। दरअसल, राधा देवी, नेहा देवी और नीलम कुमारी मातृत्व शिशु स्वास्थ्य इकाई में भर्ती हुई थी। दो दिन पूर्व तीनों ने बच्चों को जन्म दिया था। इसके बाद बच्चों को इंजेक्शन दिया गया और फिर यह घटना घटी। सदर अस्पताल प्रशासन ने कहा कि मारपीट करने वालों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। पहले यह मातृत्व शिशु केन्द्र सदर अस्पताल परिसर में ही मौजूद था। बाद में इसे चैताडीह शिफ्ट किया गया। नर्स पूनम कुमारी ने बताया कि परिजन अचानक हमला कर मारपीट करने लगे, काफी मुश्किल से वे लोग अपनी जान बचा पाये हैं। मृत बच्चों के परिजन काफी उग्र थे व कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। पीड़ित परिजनों की पहचान मुफस्सिल थाना के कैलीबाद निवासी सुधीर ठाकुर, नगर थाना के बाभनटोली निवासी शशि राम और गांडेय थाना के मंडरो निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई है।