भरनो: गुमला जिला अंतर्गत भरनो प्रखंड के एनएच 43 में ब्लॉक चौक के पास अहले सुबह एक ट्रक ने बाईक सवार 40 वर्षीय महिला बिपैत देवी को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइल चला रहे उनके पति पहना उंराव बाल-बाल बच गए। घटना को अंजाम देकर सिसई की ओर भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना सड़क पर गिरे हाइवा से बिखरे बालू के कारण घटी है। फिलहाल इस बाबत कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों नेे मुआवजा की मांग को लेकर सड़क जाम करते ही प्रशासन के विरोध में जोरदार नारेबाजी की। मौके पर पहुँची सीओ प्रीति केरकेट्टा व थानेदार विष्णुदेव चौधरी ने उन्हें काफी समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
जानकारी के अनुसार सिसई प्रखंड के भदौली गांव निवासी पहना उरांव और उसकी पत्नी 40 वर्ष बाईक से रांची जा रहे थे। इसी क्रम में रांची की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें धक्का मार दिया। इस कारण उनकी पत्नी सड़क पर गिर गयी व इसके बाद ट्रक का चक्का उसके सिर पर चढ़ गया। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि दुघर्टना स्थल के पास एक अवैध बालू लदा हाइवा पलटा हुआ था व उसमें लोड बालू सड़क पर फैला था। इसी कारण ये हादसा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक महिला के पति पूर्णत: सुरक्षित हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि प्रशासन ने सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हाईवा व बालू को नहीं हटाया था, इस कारण दुर्घटना हुई ।