धनवार: कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी भाजपा विधायकों को अपने पक्ष में करने के मिशन में जुट गयीं हैं। सोमवार को अपने जनसंपर्क अभियान का आगाज करते हुये झारखंड धाम में बाबा भोले की पूजा- अर्चना कर उनसे जीत का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान अन्नपूर्णा देवी के साथ जमुआ विधायक केदार हाजरा, बरकट्ठा के पूर्व विधायक अमित यादव और उनके भतीजे तापस यादव भी पूजा- अर्चना में शामिल थे।
अन्नपूर्णा का कहना है कि बेटी- बहू बनकर आई हूं आपके बीच। मौजूदा भाजपा सांसद रवींद्र कुमार राय के बारे में कहा कि उन्होंने कहा कि वे मेरे बड़े भाई हैं व पार्टी के लिए निष्ठावान बनकर बेहतर कार्य करेंगे। पूजनोपरांत वे वहां से धनवार पहुंची, जहां कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, पार्टी के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, देवेन्द्र गुप्ता भी मौजूद थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 2019 का चुनाव कई मायने में महत्वपूर्ण है। एक- एक कार्यकर्ता को पूरे लोस का बूथ संभालना है। कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। अन्नपूर्णा देवी ने नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत बनाने के लिए उन्हें समर्थन और वोट देने की अपील की। सम्मेलन को पूर्व आईजी लक्ष्मण सिंह, विधायक केदार हाजरा, पूर्व विधायक अमित यादव, पार्टी अध्यक्ष सुनील अग्रवाल समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।सम्मेलन में तापस यादव, देवेन्द्र गुप्ता, परमेशवर मोदी समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।